राजस्थान रिफाइनरी नए औद्योगिक युग की शुरुआत, युवाओं के लिए रोजगार और विकास का बड़ा अवसर: अनमोल माथुर
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता अनमोल माथुर ने पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के राष्ट्र को समर्पित होने को राजस्थान के औद्योगिक इतिहास का ऐतिहासिक क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक रिफाइनरी नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था, उद्योग, निवेश और रोजगार को नई गति देने वाला विकास का मजबूत आधार बनेगी। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस एकीकृत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल परियोजना का उद्घाटन किया, जिसे भारत की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
अनमोल माथुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा तथा प्रदेश में निवेश का नया वातावरण तैयार होगा। साथ ही पेट्रोकेमिकल क्षेत्र के विकास से अनेक सहायक उद्योगों को भी गति मिलेगी। परियोजना को देश की ऊर्जा जरूरतों को मजबूत करने और आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार उद्योग, आधारभूत संरचना और निवेश को प्राथमिकता देते हुए राजस्थान को देश का अग्रणी औद्योगिक राज्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उनका विश्वास है कि रिफाइनरी के संचालन से बाड़मेर और आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी और राजस्थान की पहचान एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में और सुदृढ़ होगी।
अनमोल माथुर ने कहा कि यह परियोजना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा आने वाले वर्षों में राजस्थान की विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित होगी।

