हाथोज धाम श्री दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
जयपुर। हाथोज धाम स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी महाराज मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में भाग लिया।
हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण की विशेष झांकी सजाई गई और श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। जन्मोत्सव के दौरान मंदिर परिसर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में श्रद्धालुओं ने भक्ति एवं उल्लास के साथ उत्सव मनाया और आरती में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच पंजीरी प्रसादी का वितरण भी किया गया। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसादी ग्रहण कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने सभी श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

