जयपुरराजनीति

वार्ड 141 में भाजपा प्रत्याशी एडवोकेट सतीश शर्मा के चुनाव कार्यालय का हुआ शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने की कड़ी से कड़ी जोड़ने की अपील

जयपुर। हवामहल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 141 से भारतीय जनता पार्टी के पार्षद प्रत्याशी एडवोकेट सतीश शर्मा के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यालय का उद्घाटन राजस्थान की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी, महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवीण दरेकर एवं हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज द्वारा किया गया। कार्यालय शुभारंभ के अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ चुनावी अभियान को गति देने तथा वार्ड के प्रत्येक बूथ एवं प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर भाजपा की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि नगर निगम में मजबूत भाजपा बोर्ड बनने से क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा प्रदेश एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकेगा।

उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि वे स्वयं भी वार्ड 141 की वोटर हैं और इस क्षेत्र से उनका सीधा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण एवं समग्र विकास के लिए कड़ी से कड़ी जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से भाजपा प्रत्याशी एडवोकेट सतीश शर्मा जी को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि जयपुर नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनने से विकास की योजनाओं को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत, समर्पण और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में जुटने का आह्वान किया।

हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि विगत ढाई वर्ष के कार्यकाल में हवामहल विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, पानी, सफाई, सीवरेज, बिजली एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी हवामहल विधानसभा क्षेत्र के विकास की गति को रुकने नहीं दिया जाएगा और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी के नेतृत्व में राजस्थान में चहुंमुखी विकास की दिशा में कार्य हो रहा है और प्रदेश को विकास की नई दिशा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा को मजबूत करना केवल नगर निगम चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व को भी मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर महाराष्ट्र भाजपा सचिव अखिलेश चौबे, योगेंद्र सिंह तंवर, अखिल शुक्ला, अतिरिक्त महाधिवक्ता सुरेंद्र सिंह नरुका, पूर्व मेयर मनोज भारद्वाज, पोंड्रिक मंडल अध्यक्ष प्रेम सैनी, जयपुर शहर उपाध्यक्ष सुरेश गुर्जर, स्वच्छ भारत अभियान संयोजक मनोज शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, पूर्व पार्षद रजत विश्नोई, स्नेहलता शर्मा, सुरेंद्र सिंह रोबिन, राकेश यादव, युवा मोर्चा अध्यक्ष अनिल गुर्जर, विनय शर्मा, वार्ड संयोजक मुकेश पारीक, संयोजक कमलेश शर्मा, योगेश पारीक, योगेश दाधीच, चूचू बना, महेंद्र यादव, नारायण शास्त्री, गणगौरी बाज़ार व्यापार मण्डल अध्यक्ष विनय शर्मा, कपिल जोशी, मुन्नवर खान, उस्मान चौहान, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *