योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति- श्रीमती गुहा

एचसीएम रीपा में ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

जयपुर। हरीशचन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम रीपा) में 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस रविवार को उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान की महानिदेशक एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव (प्रशिक्षण) श्रीमती श्रेया गुहा ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षु अधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

श्रीमती गुहा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है यह तनावमुक्त जीवनशैली और आध्यात्मिक उन्नति का आधार है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस वर्ष की योग दिवस थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए योग की महत्ता बताई।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संदेश का लाइव प्रसारण भी किया गया । इसके पश्चात नेहरू बाल उद्यान में योगाचार्य श्रीमती निशा वी. सिंह के निर्देशन में आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें 300 से अधिक प्रशिक्षु अधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर संस्थान के अतिरिक्त महानिदेशक श्री शाहीन अली खान, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) डॉ. प्रभा व्यास, अतिरिक्त निदेशक (लेखा) श्री ओंकारमल राजोतिया, श्रीमती योगिता गोयल, श्री सतीश कुमार, उपनिदेशक (प्रशासन) श्रीमती शिप्रा शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *