अंकित राठौड, डिवाइन स्टार : जानिए सूर्य के राशि परिवर्तन से किन्हें मिलने वाला है लाभ

जयपुर। 14 जून 2020 की देर रात 12:10 बजे सूर्य का मिथुन राशि में प्रवेश होने पर मिथुन संक्रांति पर्व मनाया जायेगा। इस दिन सूर्य भगवान की उपासना करना और किसी पवित्र नदी में स्नान करना शुभ माना जाता है।
ये दिन दान कार्यों के लिए भी शुभ है। मान्यता है कि मिथुन संक्रांति से वर्षा ऋतु मानसून का भी आरंभ हो जाता है। जानिए मिथुन संक्रांति किसके लिए शुभ

मेष- सूर्य ग्रह आपकी राशि से तृतीय भाव में गोचर कर रहे हैं। जो आपके लिए शुभ संकेत है। आपके रुके हुए काम बनने के साथ व्यापार में भी सफलता हासिल होगी। शत्रु परास्त होंगे। पारिवारिक व सामाजिक जीवन में मान-सम्मान मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए यह समय प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने वाला बना रहेगा।

वृषभ– सूर्य आपकी राशि से द्वितीय भाव में गोचर कर रहे हैं। इस समय आप धन निवेश कर सकते हैं। लेकिन व्यापार में हानि की संभावना है इसलिए सचेत रहें। इस समय आपका अपने करीबीयों से झगड़ा हो सकता है। स्वास्थ्य के प्रति सावधान रहें। आपके मान सम्मान में कमी भी इस समय आ सकती है। कुल मिलाकर सूर्य गोचर के दौरान आपको सचेत रहना होगा।

मिथुन– सूर्य का गोचर आपकी ही राशि में होने जा रहा है जो आपके आर्थिक व व्यक्तिगत जीवन पर प्रभाव डालेगा। यह समय धन की हानि कराने वाला, नौकरी व व्यवसाय के लिए कष्टकारी रहेगा। किसी अप्रिय घटना के कारण आपकी बदनामी भी हो सकती है। सेहत के मामले में जरा सी भी लापरवाही न बरतें। वैवाहिक जीवन के लिए भी समय परेशानी वाला रहेगा।

कर्क– सूर्य आपकी राशि से द्वादश भाव में गोचर कर रहे हैं। आपको इस दौरान आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। नौकरी या व्यापार में कोई भी निर्णय सोच-समझकर लें, नहीं तो हानि उठानी पड़ सकती है। किसी विवाद में ना पड़ें, मित्रों व वरिष्ठ व्यक्तियों से झगड़े की संभावनाएं हैं। अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

सिंह– सूर्य आपकी राशि से एकादश भाव में गोचर कर रहे हैं। यह समय आपके लिए हर मामले में उन्नति दिलाने वाला बना रहेगा। इस समय आप नौकरी व व्यवसाय में परिवर्तन कर सकते हैं। आपको कार्य क्षेत्र में शुभ समाचारों की प्राप्ति हो सकती है। मित्रों व परिवारजनों का सहयोग बना रहेगा।

कन्या– सूर्यआपकी राशि से दशम भाव में गोचर कर रहे हैं। जो आपको शुभ फल देंगे। इस दौरान आपके सभी कार्य बनने की उम्मीद है। नौकरी व व्यवसाय के क्षेत्र में लाभ मिल सकता है। घर परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। यह समय दांपत्य जीवन के लिए भी शुभ रहने के आसार हैं।

तुला– सूर्य आपकी राशि से नवम भाव में गोचर कर रहे हैं। यह समय आपके लिए मिला जुला रहेगा। आपको दुश्मनों से विशेष तौर पर सतर्क रहना होगा क्योंकि आपके ऊपर झूठा आरोप लग सकता है। बिना कारण हानि उठानी पड़ सकती है। आपके परिवार के सदस्यों व मित्रों से मतभेद हो सकते हैं। इस समय भाग्य का साथ कम मिलेगा, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।

वृश्चिक– सूर्य ग्रह आपकी राशि से अष्टम भाव में गोचर कर रहे हैं। इस समय आपको शारीरिक कष्ट हो सकते हैं। यह समय दांपत्य जीवन को प्रभावित कर सकता है। मित्रों और रिश्तेदारों से पराजय का डर बना रहेगा। नौकरी और व्यवसाय में विशेष सावधानी बरतें नहीं तो आर्थिक हानि उठानी पड़ सकती है। इस दौरान रक्तचाप, बवासीर जैसी बीमारियों से पीड़ित हो सकते हैं।

धनु– सूर्य ग्रह आपकी राशि से सप्तम भाव में गोचर कर रहे हैं। आपके वैवाहिक जीवन के लिए अच्छे संकेत नहीं है। पेट, गुदा संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। बवासीर से पीड़ित जातक अपना विशेष ख्याल रखें। दुश्मन आपके सम्मान को हानि पहुंचा सकते हैं। नौकरी व व्यवसाय में अड़चनों का सामना करना पड़ेगा। बच्चों की सेहत बिगड़ सकती है। कुल मिलाकर आपको इस समय सतर्क रहने की आवश्यकता है।

मकर– सूर्य ग्रह आपकी राशि से षष्ठम भाव में गोचर कर रहे हैं। यह समय आपको प्रत्येक क्षेत्र में सफलता दिलाएगा। इस समय आपके लिये नौकरी व व्यवसाय में सफलता प्राप्ति के योग बन रहे हैं। रुके हुए कार्य पूरे होने लगेंगे। आपको सांसारिक सुखो की प्राप्ति होगी। कार्यक्षेत्र में आपके कार्यों की सराहना होगी।

कुंभ– सूर्य ग्रह आपकी राशि से पंचम भाव में गोचर कर रहे हैं। आपको स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना होगा। इस समय आपके शत्रुओं की संख्या में वृद्धि हो सकती है। बेहतर होगा न तो किसी से उधार लें और न ही दें। लालच से दूर रहें क्योंकि इसके कारण आपको हानि उठानी पड़ सकती है।

मीन– सूर्य ग्रह आपकी राशि से चतुर्थ भाव में गोचर कर रहे हैं। इस समय आपको नौकरी और व्यवसाय में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। आपको अपनी वाणी पर विशेष संयम बरतना होगा। पारिवारिक जीवन मैं सुखों की कमी हो सकती है। स्वास्थ्य चिंता का विषय बना रहेगा। यात्राओं में असुविधा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *