निकाय चुनावों में हर निकाय में भाजपा का भगवा लहराएगा, कांग्रेस का पूरी तरह होगा बंटाधार : रोहन गुप्ता
जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भीनमाल में भाजपा प्रत्याशी की निर्विरोध जीत यह दर्शाती है कि जनता का विश्वास लगातार भाजपा के प्रति मजबूत हो रहा है। राजस्थान की जनता विकास और विश्वास की राजनीति पर अपनी मोहर लगाएगी तथा आगामी निकाय चुनावों में भारी बहुमत के साथ प्रदेशभर में कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने निकाय चुनावों में टिकट वितरण की प्रक्रिया को निष्पक्ष और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न किया है। संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी के निर्णय पर विश्वास है और सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कमल के फूल को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास के आधार पर चुनाव मैदान में उतर रहा है। भाजपा के लिए चुनाव केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास का संकल्प है। प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार के कार्यों को देखा है और विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को महसूस किया है। यही विश्वास निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का आधार बनेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को अपनी प्राथमिकता बनाया है। प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, किसानों के हित, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में विकास का नया वातावरण तैयार हुआ है और सरकार की योजनाओं एवं जनहितैषी निर्णयों का लाभ आमजन तक पहुंच रहा है। यही कारण है कि राजस्थान की जनता का विश्वास भाजपा सरकार के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है। आने वाले निकाय चुनावों में भी जनता विकास और सुशासन के पक्ष में अपना आशीर्वाद भाजपा को देगी।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं निकाय चुनाव प्रदेश सह प्रभारी रोहन गुप्ता ने कहा कि राजस्थान की जनता भली-भांति जानती है कि भाजपा का अर्थ भाईचारा, संगठन और विकास है, जबकि कांग्रेस का अर्थ आपसी कलह और अंतर्कलह बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद कांग्रेस के भीतर जिस प्रकार भागबंटाई और आपसी विवाद की स्थिति दिखाई दे रही है, वह जनता से छिपी हुई नहीं है। इसके विपरीत भाजपा ने शांतिपूर्ण, पारदर्शी और संगठनात्मक तरीके से टिकट वितरण की प्रक्रिया पूरी की है। यही कारण है कि जनता का भरोसा भाजपा के साथ लगातार मजबूत हो रहा है।
गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस को जब भी सत्ता की संभावना दिखाई देती है, उसके भीतर टिकट और नेतृत्व को लेकर विवाद और झगड़े शुरू हो जाते हैं। यह स्थिति केवल राजस्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में भी कांग्रेस की यही स्थिति देखने को मिलती है। जनता को इस प्रकार की राजनीति पसंद नहीं है। चुनाव जनता की सेवा करने का माध्यम है, न कि सत्ता प्राप्त कर मलाई खाने का अवसर। यही कांग्रेस और भाजपा की राजनीति के बीच मूल अंतर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने इस बार मन बना लिया है कि प्रदेश के प्रत्येक निकाय, नगर निगम और स्थानीय निकाय में भाजपा को पूर्ण बहुमत के साथ विजयी बनाकर ट्रिपल इंजन सरकार बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी निकाय चुनावों में हर निकाय में भाजपा का भगवा लहराएगा और कांग्रेस का पूरी तरह बंटाधार होगा।
गुप्ता ने कहा कि राजस्थान की जनता कांग्रेस के शासनकाल का अतीत भी जानती है और वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यों को भी देख रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा जनहित और विकास के लिए किए जा रहे कार्यों से जनता में विश्वास का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में जनता विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के पक्ष में मतदान करेगी तथा भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश देगी।

