राज्यराजनीति

पंचायत राज बोर्ड गठन को लेकर गहलोत ने भाजपा सरकार पर लगाए दबाव बनाने के आरोप

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर पंचायत राज चुनावों के बाद बोर्ड गठन की प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।

गहलोत ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं, जहां पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस को मिले जनादेश के बावजूद बोर्ड गठन में बाधा डालने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत राज चुनावों में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बावजूद भाजपा सरकार अपनी कार्यशैली में बदलाव नहीं कर रही है। उन्होंने इस तरह के कथित हस्तक्षेप को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए राजस्थान के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव से प्रशासन को निष्पक्ष एवं दबावमुक्त रखने की मांग की।

गहलोत ने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है। यदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक दबाव में कोई कार्रवाई की जाती है, तो पार्टी इसे गंभीरता से लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *