निदेशालय विशेष योग्यजन के आयुक्त एवं विशिष्ट शासन सचिव ने किया राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) का निरीक्षण
परिवादियों से सीधे संवाद कर किया शिकायतों का निस्तारण, पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
जयपुर। निदेशालय विशेष योग्यजन आयुक्त एवं विशिष्ट शासन सचिव श्री इक़बाल खान ने गुरुवार को राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) के कॉल सेंटर का निरीक्षण कर विभाग से संबंधित परिवादों एवं मांगों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं समाधान की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
श्री खान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त विभागीय शिकायतों एवं मांगों की विषयवार सूची तैयार कर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहे, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि विभागीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों को विभागाध्यक्ष एवं उच्चाधिकारियों के स्तर तक प्राथमिकता से पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही विभाग द्वारा प्रदान किए जाने वाले ऋण, अनुदान एवं सब्सिडी संबंधी प्रकरणों की प्रभावी निगरानी के लिए जनाधार संख्या एवं सदस्य आईडी के माध्यम से ट्रैकिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री खान ने बताया कि विभाग से संबंधित अब तक कुल 5,078 परिवाद राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 4,923 परिवादों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। उन्होंने कंट्रोल रूम में उपस्थित रहकर कई परिवादियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं के समाधान की स्थिति की जानकारी ली।
जोधपुर निवासी श्री मोहम्मद इरफ़ान ने व्हीलचेयर हेतु आवेदन किया था, जिन्हें व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी गई है। श्री इरफान को 3 वर्ष पूर्व विभाग द्वारा स्कूटी भी उपलब्ध करवायी गयी थी। जिसके लिए लाभार्थी ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार सवाई माधोपुर के छुट्टन लाल को ऋण-अनुदान संबंधी स्वीकृति जारी की जा चुकी है। वहीं, जोधपुर निवासी अमराराम को एलिम्कों द्वारा मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने हेतु चिन्हित किया गया है तथा उन्हें शीघ्र ही मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की जाएगी। जयपुर के मांगीलाल को सिलिकोसिस सहायता योजना के अंतर्गत भुगतान स्वीकृति जारी कर दी गई है।
कोटा जिले के विष्णु कुमार ने बताया कि उन्होंने सुखद दाम्पत्य योजना के अंतर्गत आवेदन किया था, जो वर्तमान में लंबित है। इस पर श्री खान ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनके आवेदन से संबंधित शिथिलता प्रस्ताव की पत्रावली प्रक्रियाधीन है तथा उसका शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।
श्री खान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष योग्यजनों के उपयोग में आने वाले सहायक उपकरणों एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि पात्र लाभार्थियों को वास्तविक राहत प्रदान करना है।
निरीक्षण के दौरान जयपुर के कृष्ण कुमार, चूरू के संदीप तथा जालौर के सादिक खान की परिवेदनाओं के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। संबंधित परिवादियों ने विभाग द्वारा किए गए समाधान पर संतोष व्यक्त किया।

