मुंबई में IIJS भारत सिग्नेचर-2026 का शुभारंभ
– संचित माथुर
ज्वैलरी उद्योग में विश्वास और पारदर्शिता पर दिया गया विशेष जोर
मुंबई। देश के जेम्स एवं ज्वैलरी सेक्टर के प्रमुख आयोजनों में शामिल IIJS भारत सिग्नेचर-2026 की शुरुआत आज बांद्रा स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में हुई। वर्ष के पहले बड़े ज्वैलरी शो के रूप में यह आयोजन 11 जनवरी 2026 तक चलेगा।
इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के शो का आयोजन रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (GJEPC) द्वारा किया जा रहा है। लगभग 1.25 लाख वर्ग मीटर में फैला यह आयोजन भारतीय ज्वैलरी उद्योग की ताकत, नवाचार और डिज़ाइन क्षमताओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।
भारत ज्वैलरी जगत की प्रेरणाशक्ति : सेंड्रिन काउंसलर
उद्घाटन समारोह में नेचुरल डायमंड काउंसिल की चेयरमैन एवं डी-बीयर्स ब्रांड्स की सीईओ सुश्री सेंड्रिन काउंसलर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत का ज्वैलरी उद्योग हमेशा से वैश्विक बाजार के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है।

उन्होंने कहा, “जब भी वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रही हैं, भारत ने अपनी रचनात्मकता और कौशल से दुनिया को नई दिशा दी है। चुनौतियां ही भविष्य के अवसरों का आधार बनती हैं।”
उन्होंने ज्वैलरी व्यापार में विश्वास, पारदर्शिता और ग्राहकों के भरोसे को उद्योग की सबसे बड़ी ताकत बताया।
GJEPC चेयरमैन किरिट भंसाली का बयान
इस अवसर पर GJEPC के चेयरमैन श्री किरिट भंसाली ने कहा कि IIJS भारत सिग्नेचर-2026 भारतीय जेम्स एवं ज्वैलरी उद्योग के लिए व्यापारिक संभावनाओं को मजबूत करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा, “IIJS भारत सिग्नेचर न केवल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को जोड़ने का माध्यम है, बल्कि यह भारतीय ज्वैलरी उद्योग की गुणवत्ता, भरोसे और डिज़ाइन क्षमताओं को विश्व स्तर पर प्रदर्शित करता है। हमें विश्वास है कि यह शो उद्योग के विकास और निर्यात को नई गति देगा।”

दो स्थानों पर आयोजित हो रहा है शो
इस वर्ष भी IIJS भारत सिग्नेचर का आयोजन मुंबई में दो अलग-अलग स्थानों पर किया गया है। जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित पहले चरण में हाई-एंड रत्न एवं आभूषणों की व्यापक रेंज देखने को मिल रही है।
“दी सलेक्ट क्लब” में प्रीमियम ज्वैलरी का आकर्षण
कन्वेंशन सेंटर में स्थापित विशेष सेक्शन “दी सलेक्ट क्लब” में प्रीमियम और लग्ज़री ज्वैलरी का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस वर्ष यहां 107 प्रतिष्ठित कंपनियां भाग ले रही हैं।
इस सेक्शन में जयपुर के ज्वैलर्स अपनी पारंपरिक कला, बारीक कारीगरी और विशिष्ट डिज़ाइनों के कारण खास पहचान बना रहे हैं।
उद्योग के लिए अहम मंच
IIJS भारत सिग्नेचर-2026 भारतीय जेम्स एवं ज्वैलरी उद्योग को वैश्विक व्यापार से जोड़ने वाला एक सशक्त मंच बनकर उभरा है, जो आने वाले समय में नए अवसरों और साझेदारियों का मार्ग प्रशस्त करेगा।

