राज्य

निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का दावा, जनता का विश्वास लगातार मजबूत : अमन देवेंद्र मेहता

जालौर । जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के सदस्य अमन देवेंद्र मेहता ने आगामी निकाय चुनावों को लेकर भाजपा की मजबूत जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है और निकाय चुनावों में भी पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलने जा रहा है।

मेहता ने कहा कि “देश का बच्चा-बच्चा भाजपा के साथ है और जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ-साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को देखा है।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का सीधा असर प्रदेश की जनता के जीवन पर दिखाई दे रहा है और यही कारण है कि लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता लंबे समय से भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जवाबदेह शासन चाहती थी। भाजपा ने इसी संकल्प के साथ प्रदेश की जनता के बीच अपना विश्वास बनाया और जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर भाजपा को जिम्मेदारी सौंपी।

मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास और उन्नति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक स्तर पर पारदर्शिता को लेकर जनता में सकारात्मक माहौल है। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की कार्रवाई और सुशासन की दिशा में उठाए जा रहे कदमों से आमजन का भरोसा भाजपा के प्रति और मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि आगामी निकाय चुनाव भाजपा के लिए केवल चुनाव नहीं, बल्कि सुशासन, विकास और जनविश्वास की निरंतरता का अवसर हैं। भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएंगे और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

अमन देवेंद्र मेहता ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा के विकास और सुशासन के मॉडल पर अपना भरोसा जताएगी और आगामी निकाय चुनावों में भाजपा को मजबूत एवं निर्णायक जनादेश मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *