क्षेत्र में अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं दिलवाना हमारी प्राथमिकता – राज्यमंत्री देवासी
जयपुर। राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के मुख्य आतिथ्य में सिरोही जिले के गोयली में शनिवार को पीएचसी भवन का शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि क्षेत्र में अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिले ये उनकी प्राथमिकता है और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास का काम सामूहिक प्रयासों से संपन्न होता है इसलिए ग्रामवासियों का पूर्ण सहयोग लेते हुए समय समय पर विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पीएचसी का कार्य जनभावना के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पीएचसी के निर्माण कार्य के लिए लगभग 1 करोड़ 82 लाख रूपये खर्च होंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आगे भी विकास कार्यों के लिए सदैव सहयोग देने के लिए आश्वस्त किया।
सांसद लुंबाराम चौधरी ने अपने संबोधन में पीएचसी के निर्माण के संबंध में खुशी जताते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा जो कार्य करवाए जा रहे हैं वो अभूतपूर्व है उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रही है।

