निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा, कांग्रेस की अंतर्कलह को बताया सबसे बड़ी चुनौती : मंजू शर्मा

– Sanchit Mathur –

जयपुर : जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने आगामी निकाय चुनाव को लेकर विश्वास जताया है कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी और प्रदेश के अधिकांश नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं में भाजपा के बोर्ड बनेंगे।

मंजू शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की आंतरिक कलह और आपसी मतभेद ही उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित होंगे, जबकि भाजपा का संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ और जमीनी स्तर तक लगातार जनता के बीच काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आदरणीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में भाजपा का संगठन प्रदेशभर में मजबूती से कार्य कर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंच रहे हैं और सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचा रहे हैं।

मंजू शर्मा ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा मजबूत है और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी निकाय चुनाव में जनता भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश देगी और प्रदेश के हर क्षेत्र में भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी।

उन्होंने आगे कहा कि नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में भाजपा के बोर्ड बनने की पूरी संभावना है और पार्टी कार्यकर्ता इसी लक्ष्य के साथ लगातार जमीनी स्तर पर मेहनत कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *