अजमेर में भाजपा का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन, नगर निगम में पुनः बोर्ड बनाने का संकल्प : राजेंद्र सिंह रावत
अजमेर। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विजय लक्ष्मी पार्क, अजमेर में उत्तर विधानसभा क्षेत्र का भाजपा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सम्मेलन में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रचंड बहुमत के साथ अजमेर नगर निगम में एक बार फिर भाजपा का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाजपा नेता राजेंद्र सिंह रावत ने भी सहभागिता की।

इस अवसर पर रावत ने कहा कि भाजपा का बूथ स्तर तक संगठन मजबूत है और कार्यकर्ता आगामी नगर निकाय चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में भाजपा सरकारों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता का विश्वास पार्टी के प्रति लगातार मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि अजमेर की जनता के आशीर्वाद और भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से नगर निगम में एक बार फिर भाजपा का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बूथ पर मजबूती से जुटें और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं तथा भाजपा की विकासपरक नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं।

सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह और जोश देखने को मिला। हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों और जमीनी सक्रियता का संदेश दिया।

