निकाय चुनावों में प्रत्येक बोर्ड भाजपा का बनेगा : मनोज राजोरिया
– संचित माथुर –
- मनोज राजोरिया ने कहा—नगर निगम से लेकर ग्राम पंचायत तक भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार, जनता के विश्वास से मिलेगी बड़ी जीत
जयपुर। धौलपुर-करौली लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद मनोज राजोरिया ने आगामी निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों को लेकर विश्वास जताते हुए कहा कि राजस्थान में नगर निगम से लेकर नगर परिषद, नगर पालिका, जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर तक हर जगह भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन और उसका प्रत्येक जमीनी कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और पार्टी जनता के विश्वास के साथ इन चुनावों में मजबूत जीत दर्ज करेगी।

मनोज राजोरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के मार्गदर्शन में भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए जनता के बीच पहुंचने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही जनता के बीच नहीं जाता, बल्कि लगातार आमजन के संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझता है। आगामी चुनावों में भी प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेगा और उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेगा।
राजोरिया ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राजस्थान में भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों का सीधा लाभ आमजन को मिला है और देश जिस गति से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसे जनता स्वयं देख रही है।

उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के कामकाज को देख और समझ रही है। देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। राजस्थान और हरियाणा के बाद अब पश्चिम बंगाल सहित अनेक राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं और जनता विकास तथा सुशासन के आधार पर अपना समर्थन व्यक्त कर रही है।
पूर्व सांसद ने कहा कि राजस्थान की जनता ने विधानसभा चुनाव में भाजपा पर विश्वास जताकर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई है। अब आगामी निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों में भी जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगमों, नगर परिषदों, नगर पालिकाओं से लेकर जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर तक भाजपा मजबूत प्रदर्शन करेगी और अधिक से अधिक स्थानों पर भाजपा के बोर्ड बनेंगे।

राजोरिया ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर मजबूत, जवाबदेह और विकासोन्मुखी जनप्रतिनिधित्व स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएगा और भाजपा की विचारधारा, नीतियों तथा विकास के एजेंडे को आमजन तक पहुंचाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन पूरी तरह एकजुट है और कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह है। जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर आगामी निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों में राजस्थान में भाजपा एक बार फिर मजबूत जनादेश प्राप्त करेगी।

