कबड्डी टूर्नामेंट में सुशील माथुर की कप्तानी में जयपुर टीम का दबदबा
उदयपुर। 5 से 7 मार्च तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जयपुर की टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक खेल, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया। डिप्टी सेक्रेटरी सुशील माथुर की कप्तानी में पुरुष टीम ने फाइनल मुकाबले में दमदार खेल दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं महिला टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
कार्मिक विभाग के तत्वावधान में जिला प्रशासन उदयपुर द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी संभागों तथा जयपुर मुख्यालय से कुल आठ टीमों ने भाग लिया। महाराणा भूपाल स्टेडियम में पहली बार प्रोफेशनल मैट पर खेले गए मुकाबलों ने प्रतियोगिता को और भी रोमांचक बना दिया।
7 मार्च को आयोजित समापन समारोह में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रामानी ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर जिला कलेक्टर नमित मेहता, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सी.आर. देवासी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागीय आयुक्त ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि सिविल सेवकों द्वारा खेल के मैदान पर दिखाया गया अनुशासन, फिटनेस और टीम भावना प्रेरणादायक है। ऐसी प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा और टीम स्पिरिट को बढ़ावा देती हैं।
जयपुर मुख्यालय की इस शानदार जीत से पूरे सिविल सेवा परिवार में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ खेल के मैदान में भी वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

